जालंधर. जालंधर में एक व्यक्ति ने अपने चचेरे भाई के घर में आग लगा दी और फरार हो गया। आरोपी युवक शराब पीने आदी है और पिता की मौत के बाद अकेले पड़ जाने की स्थिति में उसके चचेरे भाई ने उसे अपने घर में रहने को जगह दी थी। वारदात की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। सूचना के बाद दमकल विभाग टीम ने मौके पर आग पर काबू पा लिया, वहीं पुलिस भी शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
घटना माई हीरा गेट इलाके की पीपल वाली गली की है। पुलिस को दी शिकायत में सतीश कपूर ने बताया कि अश्विनी उनके ताऊ का बेटा है और शराब पीने का आदी है। अश्विनी के पिता की मौत हो चुकी है। उसके घर पर कोई नहीं है, जिसके चलते उन्होंने घर का एक हिस्सा उसे रहने के लिए दिया हुआ था। घरेलू विवाद के चलते वो अपना हिस्सा मांगता था और अक्सर शराब पीकर गाली-गलौच करता था। रविवार को भी उसने विवाद किया और घर को आग लगाने की धमकी दी। दोपहर को उसने घर में पड़े लकड़ी के सामान को बेचने की बात कही थी और उन्होंने मना कर दिया था। इसी बात की खुंदक में वह सारे सामान को आग लगा गया, जिससे घर का हिस्सा भी जल गया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।
उधर मौके पर पहुंचे पार्षद सलिल बाहरी ने पुलिस को बताया कि अश्विनी खुद ही मोहल्ले वालों को कह कर गया है कि मैं आग लगाने जा रहा हूं और मेरे घरवालों को बता देना। थोड़ी देर बाद ही उसने आग लगा दी और खुद फरार हो गया। इस बारे में थाना-3 के प्रभारी रशमिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है, फिलहाल अश्विनी फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है और मिलने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MD4Bre
via
No comments: