नाहन. जिला सिरमौर के खिलाड़ियों को आने वाले वर्ष में एक नई सौगात मिलेगी। चंबा ग्राउंड नाहन में इंडोर स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सिरमौर दौरे के दौरान इस भवन का शुभारंभ करवाया जाएगा।
करीब 7.25 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को कई मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। बजट की कमी के कारण कई वर्ष स्टेडियम का निर्माण कार्य लटका रहा, प्रदेश में वर्तमान सरकार बनते ही इंडोर स्टेडियम का कार्य शुरू करवाया गया। अब यह भवन बनकर तैयार हो गया है। उद्घाटन के लिए सभी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं।
दशकों की मांग हुई पूरी: जिला सिरमौर के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश सहित देश के लिए कई मेडल भी जीते हैं, मगर यहां पर सुविधाओं की कमी के कारण खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। नाहन शहर में इंडोर स्टेडियम बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा नाहन में इंडोर स्टेडियम की आधारशीला रखी गई थी, मगर बजट की कमी सहित विभिन्न औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण इसका काम रूका रहा।
मिलेगी जिम और इंडोर गेम की सुविधा: इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए आधुनिक जिम तैयार की गई है। इसके अलावा यहां पर खिलाड़ी इंडोर गेम की प्रैक्टिस कर सकेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताएं भी इस स्टेडियम में आयोजित करवाई जाएंगी। फिलहाल खेल विभाग द्वारा इंडोर स्टेडियम में बास्केटबाॅल और बैडमिंटन कोर्ट तैयार करवाए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार अन्य इंडोर गेम भी यहां पर आयोजित करवाई जा सकेंगी। जिला खेल अधिकारी सुशील शर्मा ने बताया कि चंबा ग्राउंड में इंडोर स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। जल्द मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पर खिलाड़ियों के लिए आधुनिक जिम भी तैयार की गई है। फिलहाल बास्केटबाॅल और बैडमिंटन की गेम शुरू की जाएंगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2QcI1rm
via
No comments: