नई दिल्ली/ जालंधर/लुधियाना.पिछले दो दिनों से पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर देश के मैदानी राज्यों में दिख रहा है। यहां शीत लहर के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक इससे राहत के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन के पूर्वानुमान में बताया है कि पूरे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, यूपी, एमपी, ओडिशा, प. बंगाल और सिक्किम के कुछ क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक हडि्डयां कंपाने वाली ठंड रहेगी। वहीं, 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक पूरे उत्तर पूर्वी और मध्य भारत में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। पूर्वी भारत में ठंड 2 जनवरी तक रहने की संभावना है।
इसके अलावा अगले 3 दिन तक इन इलाकों में घना कोहरा रहने की भी संभावना है। वहीं, पंजाब में शुक्रवार को 2.8 डिग्री के साथ बठिंडा सबसे ठंडा, जबकि संगरूर में 3 डिग्री तक रिकॉर्ड हुआ। मोगा, फिरोजपुर में 4 डिग्री रहा। बठिंडा में 5 साल के बाद 27 दिसंबर सबसे ठंडा रहा। आईएमडी ने वार्निंग में रेड अलर्ट जारी किया है। यह हालात आज भी इसी तरह बने रहने की चेतावनी दी है। मौसम महकमे के मुताबिक, अमृतसर और लुधियाना का अधिकतम तापमान में सामान्य के मुकाबले फिर से 10 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और ये 8.8 डिग्री तक रिकाॅर्ड हुआ।
दिल्ली: सदी का दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर
दिल्ली में इस साल दिसंबर 100 सालों में दूसरा सबसे ठंडा रहा है। 1901 से 2018 तक सिर्फ 4 मौकों पर दिसंबर का अधिकतम औसत तापमान 20 डिग्री से नीचे गया है। इस साल यह 26 दिसंबर तक 19.85 डिग्री है, जबकि 31 दिसंबर तक यह 19.15 डिग्री ही रह सकता है। शुक्रवार को यहां पारा 4.2 डिग्री रहा।
यूपी में 48 घंटों में 38 मौतें
यूपी में बीते 48 घंटों में 38 लोगों के मौत की सूचना है। वहीं, संगरूर में ठंड से फुटपाथ पर सोये एक व्यक्ति राजिंदर (52) की भी मौत हो गई।
सीआरआर के अनुसार- प्रदूषण से धुंध ज्यादा रहेगी
पुणे के सेंटर फॉर क्लाइमेट चेंज रिसर्च (सीसीसीआर) के वैज्ञानिक डॉ. भूपिंदर सिंह के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ की तीव्रता को प्रभावित कर रहा है। यह इस साल पारे को नीचे ला सकता है। ज्यादा प्रदूषण से धुंध भी ज्यादा रहेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2EXZgGz
via
No comments: