जलालाबाद/अबोहर (रोहित वाट्स).गैंगस्टरों को अवैध हथियार मुहैया कराने के मामले में मोहाली पुलिस ने ओकू टीम ने जलालाबाद के कपिल गन हाउस के मालिक कपिल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कपिल ने माना है कि वह गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा के अलावा कई नामी गैंगस्टरों को बिना लाइसेंस के हथियार दिला चुका है।
गौर हो कि गैंगस्टर बुड्ढा को मोहाली पुलिस व ओकू टीम ने पिछले साल अरमीनिया से अरेस्ट किया था। इसके बाद बुड्ढा की निशानदेही पर 20 लोगों को पकड़ा गया था। इन लोगों से पता चला था कि कपिल गन हाउस बुड्ढा को हथियार उपलब्ध कराता था।
मोहाली के एसएसपी कुलदीप सिंह और ओकू विंग के प्रमुख गुरमीत सिंह चौहान के आदेशों पर गुरुवारको कपिल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद कपिल को रिमांड पर लिया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सुखप्रीत उर्फ बुड्ढा को उसी ने हथियार उपलब्ध करवाए थे और वो अन्य गैंगस्टरों को भी असला उपलब्ध करवाता था।
हथियार खरीदकर बिलों को गायब कर देता था
कपिल ने बताया कि 5 साल पहले उसने इस गोरखधंधे को शुरू किया था तब जलालाबाद में गन हाउस खोलने पर कोई कमाई नहीं हो रही थी। वह हथियार और कारतूस बिल पर खरीदकर बिल गायब कर देता था और अपराधियों को जरूरत के अनुसार असला उपलब्ध करवाता था। 2019 में बुड्ढा की गिरफ्तारी के बाद से लेकर अब तक उससे पूछताछ का सिलसिला जारी है और जैसे-जैसे जांच में परतें खुल रही हैं। वैसे-वैसे वो इनके साथियों को गिरफ्तार कर रहे हैं।
पुलिस ने पहले विशाल गन हाउस के मालिक को अरेस्ट किया था
पंजाब पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के बाद खुलासा तो कर डाला है लेकिन सवाल है कि आखिर फाजिल्का के गन हाउस ही गैंगस्टरों के लिए मददगार क्यों साबित हो रहे हैं। इससे पूर्व अबोहर के विशाल गन हाउस के मालिक को फर्जी लाइसेंस बनवाने का धंधा करते जयपुर पुलिस ने पकड़ा था। हांलाकि अब वह जमानत पर बाहर है लेकिन इस सवाल का जवाब जिले का कोई भी अफसर देने को तैयार नहीं कि फाजिल्का के गन हाउस मालिक ऐसी गतिविधियों में क्यों शामिल होते हैं। एक अधिकारी ने कहा कि फाजिल्का तीन राज्यों की सीमा पर है। इसलिए इसका लाभ अपराधी उठाते आ रहे हैं।
3 घंटे तक चलाया सर्च अभियान
उधर, गुरुवार को कपिल की गिरफ्तारी के बाद मोहाली व ओकू विंग की पुलिस जलालाबाद स्थित कपिल गन हाउस पर पहुंची। कोर्ट से सर्च वारंट लेकर पहुंची टीम ने 3 घंटे से ज्यादा पड़ताल की और कपिल द्वारा बेचे हथियारों की जांच की। हांलाकि टीम के किसी भी सदस्य ने मीडिया से कोई बातचीत तो नहीं की लेकिन ओकू विंग के इंस्पेक्टर डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने बताया कि उनकी टीम हर पहलू से इसकी जांच करेगी। कपिल द्वारा माना गया है कि उसने अन्य अपराधियों को भी हथियार बेचे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2GIYJcp
via
No comments: