
अबोहर | बालवीर हकीकत राय के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को हकीकत राय चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सनातन धर्म सभा अबोहर व विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित माल्यार्पण कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोगों सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। गोशाला मैनेजिंग कमेटी प्रधान फकीरचंद गोयल ने वीर हकीकत राय के जीवन पर प्रकाश डाला। सभा महासचिव रामप्रकाश मित्तल ने कार्यक्रम का संचालन किया। बता दें कि लगभग 5 दशक पहले कृष्णा नगरी के नजदीक स्थापित बाल वीर हकीकत राय की प्रतिमा के वस्त्रों का रंग बदल देने को लेकर बुधवार शाम को हुए विवाद के चलते डीएसपी अबोहर राहुल भारद्वाज व डीएसपी बल्लुआना संदीप सिंह के मार्गदर्शन में थाना सिटी टू प्रभारी सुनील कुमार अपनी पुलिस टीम सहित कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बीती शाम को हुए विवाद के चलते क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के साथ-साथ लॉ एंड आर्डर की स्थिति कायम रखने के लिए पुलिस सुरक्षा लगाई गई। वहीं, स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतिभागी विद्यार्थियों को नकद राशि व उपहार भेंट किए गए। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा प्रधान सतनारायण गोयल ताऊ, विश्व हिंदू परिषद के जिला महासचिव ललित सोनी, स्थानीय इकाई के प्रधान सुनील वधवा, रिटायर्ड एसडीएम बीएल सिक्का, रामशरणम आश्रम के प्रमुख मदनलाल भालोटिया, एडवोकेट देसराज कंबोज, राकेश रहेजा, प्रदीप पेड़ीवाल, पूर्व पार्षद मास्टर राम अवतार, राम प्रकाश जिंदल, डॉ. परमानंद धूड़िया सहित सभा व परिषद के सदस्य मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2U9dWeQ
via
No comments: