चंडीगढ़.तीन दिन की राहत के बाद चंडीगढ़ में एक और कोरोना वायरस पेशेंट मिला है। सेक्टर-30 की कॉलोनी में रहने वाले 22 साल के मनप्रीत की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। क्योंकि मनप्रीत अपनी मां के साथ 11 मार्च को दुबई से वापस चंडीगढ़ आया था। वह सेक्टर-48 की माेटर मार्केट में मैकेनिक का काम करता है। हेल्थ डिपार्टमेंट की घबराहट इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि मनप्रीत 11 मार्च से 25 मार्च तक बेखौफ होकर शहर में घूम रहा था। वह कितने लोगों से मिला होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।
हेल्थ डिपार्टमेंट ने मनप्रीत, उसकी मां, दो दोस्त और पड़ोसियों को मिलाकर 56 लोगों को होम क्वारेंटाइन कर दिया है। जांच में लड़की की मां को कोरोना वायरस हाई रिस्क मरीज बताया गया है। पीड़ित मरीज के पिता दुबई में रहते हैं और भाई कैनेडा में। अब चंडीगढ़ में इसे मिलाकर 8 पॉजिटिव केस हो गए हैं। ट्राईसिटी में अब तक 15 मरीजों को कोरोना कन्फर्म हो चुका है।
पूर्व पार्षद के पड़ोस में रहता था मरीज...सेक्टर-30 के एक युवक में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, जो दुबई से लौटा था। वह युवक भाजपा की पूर्व पार्षद राजिंदर कौर रत्तू के साथ वाले मकान में रहता है। रत्तू ने बताया कि उनके परिवार के साथ उनके काफी अच्छे संबंध हैं लेकिन जबसे वह दुबई से लौटा था तो उन्होंने उनके घर जाना या मिलना-जुलना बिल्कुल बंद कर दिया था। उनके मकान के आसपास सभी घरों को पुलिस ने सील कर दिया गया है।
सेक्टर-29,30 और सेक्टर-48 में घूमता रहा
दुबई से आने के बाद यह युवक सेक्टर-30, 29 और मोटर मार्केट में लगातार घूमता रहा। वह कितने लोगों के संपर्क में आया, इसकी अब जांच की जा रही है। इसके अलावा वह मोटर मार्केट में मैकेनिक का काम करता है, इसलिए वहां भारी संख्या में लोग अपने वाहन ठीक कराने को जाते हैं। इसलिए वहां भी कोरोना वायरस फैलने का खतरा बढ़ गया है। वह जिन भी व्यक्तियों के डायरेक्ट संपर्क में आया होगा, उन्हें खतरा होगा। हेल्थ डिपार्टमेंट इसकी लिस्ट तैयार कर रहा है। ताकि उन लोगों को ट्रेस कर होम क्वारेंटाइन किया जा सके।
सेक्टर-30 की कॉलोनी में फैल सकता है वायरस
सेक्टर-30 की जिस कॉलोनी में पॉजिटिव युवक रहता है, वह ईडब्ल्यूएस कॉलोनी है। वहां पर इतने बड़े घर नहीं हैं, जहां पर संदिग्ध या उस युवक के संपर्क में आए लोगों को होम क्वारेंटाइन किया जा सके। युवक जहां रहता है, उस गली में करीब एक हजार के आसपास लोग रहते हैं। ऐसे में यह खतरा और भी बढ़ सकता है। थर्ड स्टेज में कम्युनिटी इन्कयूबेशन का खतरा पहले ही मंडरा रहा है। इस केस से हेल्थ डिपार्टमेंट अलर्ट हो गया है। सेक्टर-30बी में एक युवक को पहले ही हेल्थ डिपार्टमेंट ने क्वारेंटाइन किया हुआ है। सूत्रों का कहना है कि यह युवक उसके घर भी गया था।
सेक्टर-29 और 30 के लाेग बाहर न निकलें
सेक्टर-30 के कोरोना मरीज की पुष्टि होने के बाद इंडस्ट्रियल एरिया एसएचओ जसबीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि आज दुकान खोल दी गई हैं और सामान खरीदने की पाबंदी नहीं है। लेकिन सेक्टर-29 और 30 के लोग घरों से निकलने से परहेज करें और जानकार या अनजान से उचित दूरी बनाकर रखें। क्योंकि कोरोना पेशेंट इन दोनों सेक्टरों लगातार घूम रहा था।
मोहाली की 36 साल की महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
दो दिन राहत के बाद फिर आफत ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को कोरोना वायरस का एक और मरीज मोहाली में मिला। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 36 साल की महिला को ज्ञान सागर मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है। अब मोहाली में कोरोना पीड़ित मरीजों की संख्या 6 हो गई है। सेक्टर-69 में रहने वाला एक पेशेंट कोरोना कन्फर्म होने के बाद अमृतसर चला गया था। इसे छोड़ दें तो भी मोहाली में अब तक 6 मरीज हो चुके हैं, जो खतरे की घंटी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UUSYiL
via
No comments: