फिरोजपुर ।कोरोनावायरस से बचाव को लेकर प्रदेशभर में जारी कर्फ्यू के पांचवे दिन लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से बैंकों के एटीएम में पैसा डालने व असेंसिएल वर्क के बैंक खाेले गए मगर ज्याें ही 11 बजे बैंक खुले बैंकों के बाहर लोगों का तांता लग गया। कुछ लोग पैसा जमा करवाने तो कुछ पैसा निकलवाने के लिए बैंक पहुंचने लगे। काफी देर तक लोग बैंकों के बाहर खड़े रहे मगर पब्लिक डीलिंग न होने के चलते बैंकों के अंदर लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया तो लोग में रोष भी पाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को घरों में जाने के लिए कहा तो वहीं अाग्रह किया कि जिन्हें पैसा निकलवाना है वह एटीएम में से पैसे निकलवाएं, एटीएम में पैसे डाल दिए गए हैं जिसके बाद लोग वहां से चले गए।
प्रशासन की ओर से समाजसेवी संस्थाओं को जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंचाने के लिए जारी किए कर्फ्यू पास के बाद आज से सदस्यों की ओर से विभिन्न गली मोहल्लों में जाकर खाना व राशन वितरित किया गया। इस दौरान समाजसेवी संस्थाओं के साथ-साथ पुलिस कर्मियों ने भी अपना फर्ज निभाते हुए विभिन्न गली मोहल्लों में पहुंचकर लोगों को खान-पान की वस्तुएं व राशन वितरित किया ताकि लोग अपने घरों में रहें व खाना खाकर पेट भरें। वहीं समाजसेवी संस्थाओं की ओर से लोगों को अपने संपर्क नंबर भी दिए जा रहे हैं और कहा जा रहा है कहीं भी किसी को किसी प्रकार की जरूरत हो तो वह फोन कर अपनी जरूरतानुसार सामान मंगवा सकता है वह वहां जाकर खुद सामान पहुंचाएंगे। शुक्रवार को प्रशासन की ओर से लोगों को जरूरतानुसार पैसे निकलवाने के लिए बैंकों के एटीएम में पैसा डालने के लिए बैंक खोले गए। बैंक खुलने की सूचना मिलने के बाद एकाएक बैंको के बाहर लोगों की भीड़ लगने लगी व लोग बैंक में जाने के लिए बैंक अधिकारियों से उलझते भी दिखाई दिए। मगर बैंक कर्मियों की ओर से लगातार आग्रह किया जा रहा था कि पब्लिक डीलिंग के लिए बैंक नहीं खोले गए हैं अगर आपको पैसा चाहिए तो आप एटीएम से निकलवा सकते हैं। इसके अलावा इमरजेंसी सेवाओं व जरूरत की वस्तुओं से संबंधी जुड़े व्यापारियों जैसे गैस एजेंसी संचालकों, पेट्रोल पंप संचालक व अन्य जिन्हें प्रतिदिन लाखों रुपए का बैंकों से लेनदेन करना होता है उन्हें बैंक में जाकर पैसा जमा करवाने की छूट दी गई थी। इसके चलते सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बैंकों के बाहर पहुंचकर लोगों को घरों को लौटने के लिए कहा व लोग घरों को चले गए।
नत्थे शाह वाली के 3 और धीरा पतरा गांव के दो व्यक्तियों को होम क्वारंटीन किया
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम को मिली सूचना के आधार पर गांव नत्थे शाह वाली के 3 व गांव धीरा पत्तरा के 2 लोगों को कोरोनावायरस का संदिग्ध मानते हुए सिविल अस्पताल में लाया गया । अस्पताल में लाए जाने के बाद चिकित्सकों की ओर से उनकी प्रथम जांच की गई जिसमें उक्त लोगों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं पाए जिसके चलते उन्हें 11दिन के लिए होम क्वारंटीन में रखा जाएगा । इसके अलावा जिले में अभी तक दो लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे जिनकी रिपोर्ट नैगटिव आई थी। वहीं जिले के विदेशों से लौटे करीब 800 लोगों में से 400 लोगों का घर में एकांतवास का पीरियड समाप्त हो चुका है तो करीब 400 लोगों को अभी भी उनके घरों में एकांतवास में रखा गया है व उनकी समय-समय पर जांच की जा रही है।
व्यापारियों को बैंक में पैसा जमा करने की सुविधा दी गई है : डीसी
डीसी कुलवंत सिंह ने बताया कि बैंकों को एलपीजी व अन्य जरूरत से जुड़े लोगों को जिनकी बड़ी अमाउंट जमा होती है उन्हें बैंकों की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। वहीं आमजन की सुविधा के लिए एटीएम में पैसा डलवाया गया है जहां से लोग पैसे निकलवा सकते हैं । उन्होंने कहा कि आमजन बैंकों में न जाएं व एटीएम का प्रयोग करें।
लंगर भेजने वाली संस्था को प्रशासन ने रोका, सेवा अाश्रम मुखी भूख हड़ताल पर बैठे
काेरोनावायरस के चलते जिले में कर्फ्यू के कारण लोगों का घर से निकलना बंद है। हर रोज मजदूरी करके खाने वाले गरीब बस्तियों एवं स्लम एरिया में लोगों को खाने के लिए कुछ भी नहीं बचा। हालांकि लोगों काे राशन एवं जरूरी वस्तुओं के लिए प्रशासन ने कुछ दुकानदारों को पास जारी करके घर-घर राशन पैक करके पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है, परंतु अभी भी कई जगह पर यह राशन नहीं पहुंचा रहा। कर्फ्यू के चलते कई समाजसेवी संस्थाओं, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भी गरीब बस्तियों में लंगर तैयार कर पहुंचाना शुरू कर दिया था। पंजाब पुलिस ने भी एक कदम आगे बढ़ाते हुए समाजसेवी बाबा सोनी के साथ मिलकर पूरे जिले के वार्डाें एवं गांवों की गरीब बस्तियों में वीरवार से लंगर की व्यवस्था की थी। लेकिन अब एडीसी ने सभी संस्थाओं के साथ-साथ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दरबार साहिब मुक्तसर व सोनी बाबा को फोन पर बना हुआ लंगर न वितरित करने के आदेश जारी कर दिए, जिसके चलते सोनी बाबा ने सभी गरीब बस्तियों में लंगर का सामान न पहुंचने तक खुद भी भोजन न करने का फैसला किया है। इसी तरह दरबार साहिब मुक्तसर के मैनेजर सुमेर सिंह का कहना था कि उन्हें एक अधिकारी का फोन आया था जिसने उन्हें एसजीपीसी की ओर से बांटा जा रहा तैयार किया लंगर को न वितरित व पंगतों मे बैठकर खिलाने के लिए मना किया है। उन्होंने कहा कि उक्त अधिकारी का कहना था कि प्रशासन सूखा राशन या पैक किया राशन लोगों तक पहुंचा रहा है। सुमेर सिंह का कहना था आज तैयार लंगर बस्तियों में वितरित किया जाएगा और आगे का फैसला एसजीपीसी के आदेशों के अनुसार लिया जाएगा।
धारा 144 का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार
फिरोजपुर| धारा 144 का उल्लंघन करने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। एएसआई हरबंस सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान गांव भूरे कलां में बलजिन्दर सिंह सड़क पर घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे वाली कार्रवाई शुरू कर दी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aB2wWN
via
No comments: