लुधियाना. सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन ने बुधवार को डायरेक्टोरेट ऑफ रैवेन्यू इंटेलीजेंस के लुधियाना एडीजी के ठिकानों पर दबिश दी। छानबीन के बाद एडीजी चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिया गया, वहीं दो दलालों को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई के अधिकारियों की मानें तो बीते दिनों एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया था। एजेंसी को संदेह है कि यह एक बड़ी रिश्वत का भुगतान है, जो दोनों के बीच चर्चा की गई थी। इसी के चलते आज यह कार्रवाई की गई है।
डायरेक्टोरेट ऑफ रैवेन्यू इंटेलीजेंस की वेबसाइट के अनुसार, चंद्र शेखर लुधियाना में एडीजी के रूप में तैनात हैं। एडीजी चंद्रशेखर का दिल्ली में निवास है और उनका लुधियाना, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व हरियाणा में ऑफिस हैं और इन सभी स्टेट के वह हैड भी हैं। उन पर एक बड़ी रकम रिश्वत के रूप में लेने का शक है। बीते दिनों एजेंसी ने बिचौलिए को तब गिरफ्तार किया था, जब वह कथित रूप से रिश्वत प्राप्त कर रहा था। पूछताछ में बिचौलिए ने बताया कि यह रकम चंद्रशेखर के लिए आई थी। इसी के चलते दिल्ली, नोयडा और लुधियाना में जांच का क्रम जारी है।
बुधवार को चंद्रशेखर को साथ लेकर टीम लुधियाना में फिरोजपुर रोड पर ग्रैंडवॉक के सामने स्थित मार्बल होम्स में बने फ्लैट में पहुंची। यहां सीबीआई की टीम करीब दो घंटे से अधिक बैठी रही और यहां उनके बैंक खातों सहित प्रॉपर्टी के दस्तावेजों को खंगाला गया। पूछताछ के दौरान दलालों ने बताया कि रिश्वत कथित तौर पर इसी अधिकारी के लिए थी। इस खुलासे के बाद एजेंसी ने चंद्रशेखर और उनके दोनों दलाल साथियों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37rXwBy
via
No comments: