अनाज मंडी में मिट्टी पर बिछाई जा रही प्रीमिक्स, आढ़ती बोले- एक बारिश भी नहीं झेल पाएंगी ये फाजिल्का मंडी की सड़कें
फाजिल्का की अनाज मंडी में आढ़ती दर्शन कामरा व रवि डोडा ने मंडी बोर्ड के अधिकारियों पर सड़कों पर घटिया सामग्री इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं तथा सड़क निर्माण का मंडी में कार्य जोरों से चल रहा है। इन कार्यों पर लगभग 4 से 5 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उक्त सड़क का काम बिना सफाई के मिट्टी के ऊपर बजरी व तारकोल डालकर ऊपर से रोड रोलर चलाया जा रहा है।
अक्तूबर माह में यदि एक बारिश हुई तो उक्त सड़कें बुरी तरह से टूट जाएंगी। अक्टूबर से नरमे की खरीद शुरू हो जाएगी, जबकि इसी माह में धान के सीजन की शुरुआत भी होगी। फाजिल्का की अनाज मंडी के तीनों मुख्य प्रवेशद्वार की सड़कें पूरी तरह से टूटी हुई थी, जिस कारण वाहन गड्ढों में फंसकर क्षतिग्रस्त हो जाते थे।
सीवरेज कनेक्शन नहीं जुड़ने के चलते मामूली बारिश में डूब जाती हैं अनाज मंडी
फाजिल्का की अनाज मंडी में सड़कें बनाए जाने के बावजूद सीवरेज की पाइपों के कनेक्शन न जुड़ने के चलते हल्की बारिश होने से ही अनाज मंडी पूरी तरह पानी में डूब जाती है। कुछ समय पहले भी विधायक दविंदर सिंह घुबाया ने मंडी का निरीक्षण किया था। तब उन्होंने कहा था कि अब किसानों को अपनी फसल अनाज मंडी में लाने व उनके ठहरने संबंधी कोई मुश्किल पेश नहीं आएगी। मुख्य अनाज मंडी की पुरानी सीवरेज व्यवस्था भी सही हो जाएगी लेकिन सीवरेज तो क्या मंडी में बनाए गए शौचालय भी खस्ता हालत में है।
ठेकेदार को दी वार्निंग : एसडीओ टहल सिंह
इस संबंधी मंडी बोर्ड के एसडीओ टहल सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि आढ़तियों की शिकायत पर ठेकेदार को वार्निंग दे दी गई है तथा काम में किसी तरह की अनियमतता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंडी बोर्ड के एसडीओ टहल सिंह ने कहा कि सूचना मिलने के बाद उनके द्वारा उक्त जगह का दौरा किया गया था तथा उनके द्वारा उक्त जगह पर ठेकेदार को सफाई रखने के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़कों का कार्य तेजी से करवाया जा रहा है, ताकि सीजन से पहले कार्य मुकम्मल हो सके। इन कार्यों के लिए 4 करोड़ रुपए लगाए गए हैं, जबकि अभी ओर खर्च आएगा जिसके लिए मंडी बोर्ड को लिखा जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HM9jTV
via
No comments: