जिला सेहत विभाग की ओर से अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था के लिए तैनात बायोमेडिकल वेस्ट के नोडल ऑफिसर संजीव कुमार ने टीम समेत शुक्रवार को सिविल अस्पताल परिसर का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने टीबी अस्पताल के सामने मोर्चरी परिसर में निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिली। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद सुपरवाइजर भी क्लास ली।
वहीं उन्होंने अस्पताल की सफाई व्यवस्था को भी देखा एवं उचित सफाई व्यवस्था वार्डों एवं अस्पताल में नहीं मिलने पर नाराजगी भी व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे सफाई व्यवस्था में बेहतर सुधार लाएं। इस मौके वूमेन एंड चिल्ड्रन अस्पताल व टीबी अस्पताल, जनरल अस्पताल वार्डों में सफाई के लिए तैनात सभी कर्मचारियों को मौके पर ही बुलाकर निर्देश दिए कि जितने भी सफाई कर्मचारी सफाई व्यवस्था के लिए लगाए गए हैं, उनकी नियमित हाजरी दर्ज कराए एवं साथ ही जिस वार्ड में जो सफाई कर्मचारी लगे हैं उनकी सूची वार्ड के बाहर डिस्प्ले कराएं।
वहीं मोर्चरी परिसर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने व भविष्य में कूड़ा डंप न हो इसके लिए उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित रूप से शौचालय एवं अस्पताल परिसर की उचित सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले मरीजों व उनके सहयोगियों को यह महसूस होना चाहिए कि सफाई व्यवस्था बेहतर हो रही हैं। उन्होंने इसके साथ ही सभी वार्डो में पानी की आपूर्ति भी सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए ताकि शौचालयों में किसी प्रकार की गंदगी न हो। इसके संबंध में प्रभावी मॉनिटरिंग भी करे।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों में डस्टबीन भी लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि वे अस्पताल में ऐसे कार्यों के लिए पूरा सहयोग प्रदान करे। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने कहा कि नगर निगम द्वारा समय पर कूड़ा नहीं उठाया जाता है, निगम द्वारा महीने में एक बार ही कूड़ा उठाया जाता है, जिस कारण परिसर में कूड़ा डंप होने की संभावना बढ़ जाती है। इस मौके संजीव कुमार ने कहा कि नगर निगम से महीने में कम से कम दो बार कूड़ा उठाने के लिए संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत करवाया जाएगा। ताकि अस्पताल परिसर में कूडा एकत्र न हो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cvvZ62
via
No comments: