(प्रभमीत सिंह)कोरोनावायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को 6 और लोगों को कोरोनावायरस की पुष्टि के बाद अब मरीजों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है। मृतकों की संख्या भी बढ़कर 3 हो गई है। शनिवार को हरदेव नगर के रहने वाले सहदेव (48) की कोरोनावायरस रिपोर्ट आने से पहले मौत हो गई। इलाज कर रहे डॉ. बीएस जौहल का कहना है कि मरीज के शरीर में 3 ग्राम खून बचा था और उसे बुखार था। कोई पुरानी बीमारी नहीं थी।
सहदेव की मौत के बाद उसके कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई। सेहत विभाग के मुताबिक दो दिन पहले पॉजिटिव पाए गए बस्ती गुजां के रूपेश सूरी के पारिवारिक सदस्य संतोष (65), अनीशा (37), प्राणजे (5), अमित (37) भी कोरोना पाॅजिटिव हैं। वहीं, भगत सिंह नगर के सुनील टंडन (60) को भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
सेहत विभाग की तरफ से शनिवार को पॉजिटिव मरीजों के एरिया और उनके संपर्क में आने वाले लोगों की सैंपलिंग शुरू कर दी है। उस एरिया को सील कर दिया गया है। जिला प्रशासन और सेहत विभाग की तरफ से दावे किए जा रहे हैं कि वह कोरोवायरस से लड़ने के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है लेकिन जिले में कोरोनावायरस के मरीजों के आंकड़ों के मुताबिक सेहत विभाग अभी तक पहले 9 संक्रमित लोगों के बारे में पता नहीं लगा पाया है कि इन्हें किससे संक्रमण मिला। अगर आगे इन 9 लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की बात करें तो 25 अप्रैल तक इनसे संक्रमित होने वाले लोगों का आंकड़ा 49 तक पहुंच गया है।
सहदेव के संपर्क में आने वाले नहीं हो पाए ट्रेस
शनिवार सुबह कोरोनावायरस के कारण जौहल अस्पताल में दाखिल सहदेव की मौत के बाद शाम तक सेहत विभाग की तरफ से एरिया में किसी प्रकार की लोगों की स्क्रीनिंग नहीं की गई। कारण सहदेव की रिपोर्ट आईसीएमआर की तरफ से प्रमानित प्राइवेट लेबाेरेट्री से रिपोर्ट आई थी। सेहत विभाग का कहना है कि रिपोर्ट सरकार अस्पताल की तरफ से नहीं गई थी। इस कारण स्टेट अथॉरिटी से पुष्ट करना पड़ेगा की रिपोर्ट को सरकारी आंकड़ों में डालना है या नहीं। वहीं देर शाम साढ़े 7 बजे तक बस्ती गुजां की सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. वंदना का कहना है कि उन्हें एरिया में लोगों की रिपोर्टिंग और जहां सहदेव रहता था, उस प्लाट में जाकर सैंपलिंग के कोई निर्देश नहीं मिले हैं।
बस्तियात में 10 से अधिक मरीज पॉजिटिव
सेहत विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बस्तियात के क्षेत्र में 10 से अधिक लोग संक्रमित आ चुके हैं। वह सभी वह पहले से संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे। वहीं, सेहत विभाग के मेडिकल फील्ड स्टाफ का कहना है कि जिस एरिया में पॉजिटिव केस सामने आए हैं उस एरिया में सबसे अधिक लोग कर्फ्यू का पालन नहीं कर रहे और न ही घरों में बैठ रहे है। हालांकि जिला प्रशासन की तरफ से इस एरिया में किसी प्रकार की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। जिन लोगों को घरों में क्वारेंटाइन किया गया है, वह गलियों से बाहर तो नहीं आ रहे लेकिन एक दूसरे के घरों में जा रहे हैं।
2252 के लिए सैंपल, 53112 की स्क्रीनिंग
सेहत विभाग की तरफ से जिस एरिया में से पॉजिटिव मरीज मिले हैं और जिन एरिया को कोरोना हॉटस्पॉट घोषित किया गया है, वहां मेडिकल टीमों की तरफ से डोर टू डोर 12152 घरों में सर्वे किया गया है। इन घरों के अंर्तगत आते 53112 घरों के लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। शहर में सर्वे पूरा करने के लिए सेहत विभाग की और जिला प्रशासन की 139 टीमों को फील्ड में उतारा गया है। सेहत विभाग की शनिवार की रिपोर्ट के मुताबिक 2252 लोगों के स्वैब सैंपल लिए गए थे। इनमें से 1290 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है और 700 से अधिक संदिग्ध लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cMUri7
via
No comments: