चौकीमान के जमाती मो. रफीक(15) और अमरपुरा की पूजा रानी के छोटे बेटे दीपक(20) की रिपोर्ट फिर से पॉजिटिव आई है। इनकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जिसके बाद तीसरी बार सैंपल भेजे गए थे। दोनों को बीच-बीच में बुखार की शिकायत हो रही थी। वहीं, फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट एसीपी नॉर्थ की पत्नी पलक कोहली के दूसरे सैंपल भेजे गए। उनकी पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आए 14 दिन होने के बाद दूसरे सैंपल भेजे गए हैं।
एसपीएस हॉस्पिटल में एडमिट एएसआई सुखदेव सिंह के भी दूसरे सैंपल भेजे गए हैं। उनकी भी तबीयत ठीक बताई जा रही है। एसपीएस हॉस्पिटल के अधिकतर स्टाफ के सेंपल भी निगेटिव आए हैं। जिसमें 25 के तकरीबन सैंपल निगेटिव आए हैं। वहीं, बीडीपीओ नवदीप कौर के कोरोना पॉजिटिव पति फूड इंस्पेक्टर प्रभजोत के संपर्क में आए पांच लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट : 1839 सैंपल, 1620 की रिपोर्ट निगेटिव, 198 पेंडिंग
सोमवार तक लुधियाना में 1839 शकी मरीजों के सैंपल लिए गए। इसमें से 1620 के रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोमवार को 132 मरीजों के सैंपल भेजे गए। 198 की रिपोर्ट पेंडिंग है। अब तक 21 पॉजिटिव मरीज जिले में सामने आए हैं। जिसमें से 18 लुधियाना, 1 जालंधर, 1 बरनाला और 1 फिरोजपुर से संबंधित हैं। अब तक जिले में 7 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 5 मरीजों की मौत हो चुकी है। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि 33 रैपिड रिस्पांस टीमों ने 96 लोगों की स्क्रीनिंग की। जिसमें से 61 को क्वारेंटाइन किया गया। हॉटस्पॉट घोषित अमरपुरा में 181 घरों में 700, चौकीमान में 64 घरों में 328 और गुडे गांव में 78 घरों में 375 की स्क्रीनिंग की गई। जिसमें किसी भी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण देखने को नहीं मिले हैं।
1 मई को मैरिटोरियस स्कूल का सेंटर होगा शुरू
डीसी प्रदीप अग्रवाल ने मैरिटोरियस स्कूल में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर का दौरा किया। 700 बेड की सहूलियत वाले सेंटर को 1 मई से चालू करने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि अगले स्तर पर पीएयू, गांव किशनगढ़ और रायकोट में बनाए गए ऐसे सेंटर्स को विकसित किया जाएगा।
चोरी के आरोपी का भाई बोला-नहीं लाएंगे वापस
सिविल हॉस्पिटल में एडमिट कोरोना पॉजिटिव सौरव जोकि अब स्वस्थ हो चुका है। वो सोमवार को भी अपने घर नहीं लौट सका। उसके परिजनों द्वारा उसे घर वापस लाने से साफ इंकार कर दिया गया। सौरव के भाई गौरव ने बताया कि उन्होंने सौरभ को गलत आदतों के कारण 2016 में ही बेदखल कर दिया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Sadr27
via
No comments: