हरियाणा में मंगलवार को एक साथ 14 जिलों में कोरोनावायरस के सर्वाधिक 94 नए मरीज मिले हैं। यानी पिछले 24 घंटे में हर 15 मिनट में एक केस आया। अम्बाला में एक सेना का जवान, रेवाड़ी के कोसली थाने में एक पुलिसकर्मी भी संक्रमित मिला है। इससे संक्रमितों की कुल संख्या 1316 पर पहुंच गई है। इनमें से 317 (24.14%) मरीज अकेले गुड़गांव में मिले हैं। वहीं, 24 घंटे में 22 लोग ठीक हुए हैं। अब तक 824 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
18 लोगों की मौत हुई है। अब प्रदेश में फिलहाल 474 एक्टिव केस हैं। उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन-4 में 9 दिन में ही 417 नए मरीज मिल चुके हैं। इससे पहले, लॉकडाउन-3 के 14 दिनों में 468 मरीज मिले थे। यानी जैसे-जैसे छूट मिल रही है, वैसे ही कोरोना का संक्रमण फैल रहा है। वहीं चंडीगढ़ में मंगलवार को 4 और कोरोना मरीज मिले। सभी बापूधाम के हैं। इसके साथ ही आंकड़ा 279 पर पहुंच गया है।
मास्क न पहनने पर जुर्माना
हरियाणा में मास्क न पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग न रखने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए सरकार 500 रुपए तक जुर्माना तय कर सकती है। गृह मंत्री अनिल विज ने फाइल को अप्रुवल के लिए सीएम के पास भेज दी है।
पंजाब में 10 नए केस,4 मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं कुल 2225 मरीज
पंजाब में मंगलवार काे 10 नए केस आए। हाेशियारपुर में 4, संगरूर और अमृतसर में 2-2 और फरीदकोट व नंवाशहर में एक-एक केस आया। संक्रमितों का आंकड़ा अब 2225 पहुंच गया है। जालंधर और अमृतसर के बाद अब होशियारपुर के गांव गांव नंगली जलालपुर में कोरोना की चेन बननी शुरू हो गई है।
मंगलवार को जिन 4 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसमें 3 लोग कुछ दिन पहले जालंधर में काेरोना से मरे व्यक्ति के परिवार के सदस्य हैं। एक उनका पड़ोसी है। अभी तक उक्त व्यक्ति के संपर्क में आने से 13 लोग संक्रमित हो चुके हैं। संगरूर में मनूक सिविल अस्पताल के पास रहने वाले दाे लाेगाें की रिपाेर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। वहीं, अमृतसर में छेहर्टा और इस्लामाबाद इलाके की दो महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है।
तीन मरीजों की हालत गंभीर
राज्य में अभी तक 69818 संदिग्धों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें 64160 की रिपोर्ट निगेटिव और 3552 की पेंडिंग है। 3 मरीजों की हालत गंभीर है। इनमें 2 ऑक्सीजन सपोर्ट पर और एक वेंटिलेटर पर है। अभी तक सूबे में 46 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 4 बाहरी राज्यों से हैं।
हिमाचल 21 केस और मिले; 15 हमीरपुर, 3 शिमला, 2 कांगड़ा और एक ऊना से
हिमाचल में तेजी से काेराेना संक्रमण फैलता जा रहा है। मंगलवार को भी 21 नए मामले सामने आए। इनमें 3 शिमला जिले से, एक ऊना, 15 हमीरपुर और दो कांगड़ा के मरीज हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 244 पर पहुंच गया है। इसमें 172 एक्टिव केस हैं जबकि पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राहत की बात ये है कि 63 लोग सही हो चुके हैं। शिमला में बीते सोमवार को 4 केस आए थे। अब जिले में कुल केस 7 हो गए हैं। जितने भी लोग पॉजिटिव आ रहे हैं, सभी दूसरे राज्यों से घर पहुंचे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2X2CxmD
via
No comments: