गोराया में दसवीं क्लास की छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने एक आरोपी ने दुष्कर्म कर डाला। फगवाड़ा की एक यूनिवर्सिटी के नजदीक इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह कार में बिठाकर लड़की को वापस गांव के बस स्टैंड पर छोड़ गया। लड़की ने घर जाकर मां को पूरी बात बताई तो उन्होंने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 (3), 323, 506 और पॉक्सो एक्ट 2012 की धारा 4 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है।
कार में ले जाते समय लड़की ने शोर मचाया तो बुरी तरह पीटा
गोराया में रहने वाली दसवीं की छात्रा ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे वह घर से स्कूल के लिए बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। वह लेट हो गई थी इसलिए उसकी पहली बस छूट गई थी। इतनी देर में 30 साल के दीपक कुमार पुत्र मनजीत जो कि उसके ही गांव का रहने वाला है, वहां कार में आया और उसे पूछा कि क्या उसे स्कूल जाना है, तो लड़की ने भोलेपन में हामी भर दी।
गाड़ी में बैठते ही आरोपी ने दरवाजे लॉक कर दिए और कार को स्कूल ले जाने के बजाय फगवाड़ा की तरफ मोड़ लिया।रास्ते में लड़की ने उसे कहा कि अंकल मेरा स्कूल गोराया में है, तो उसने फगवाड़ा की तरफ गाड़ी भगा ली। उसे गाड़ी में बहुत डराया-धमकाया और मारपीट भी की।
इसके बाद उसने फगवाड़ा में एक यूनिवर्सिटी के नजदीक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की ने बहुत शोर किया लेकिन आरोपी उससे मारपीट करता रहा। करीब 3-4 घंटे बाद उसी कार में बिठाकर वह उसे बस स्टैंड के नजदीक छोड़कर भाग गया। घर पहुंच कर उसने सारी बात अपनी माता को बताई। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया।
उसका इलाज चल रहा है। लड़की ने पुलिस को बताया कि दुष्कर्म के आरोपी दीपक कुमार ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को इसके बारे में बताया तो लड़की के छोटे भाई को मार देगा और उसे भी जान से खत्म कर देगा। गौर हो कि आरोपी लॉकडाउन से पहले दुबई से आया था, पर वापस नहीं जा पाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2LpWq3D
via
No comments: