इस बार ड्राईफ्रूट से बनी मिठाइयां बढ़ाएंगी इम्युनिटी, कोरोनाकाल में मिठाइयों का भी बदला ट्रेंड, स्वाद के साथ सेहत का मेल
फेस्टिवल सीजन शुरू हो चुका है। जब फेस्टिवल सीजन की बात हो रही है तो हम मिठाइयों को कैसे भूल सकते हैं। मिठाइयां लगभग सभी की पसंदीदा होती हैं। त्योहारों में खाने का मजा ही अलग होता है। कोरोनाकाल में हर चीज में बदलाव नजर आया है। मिठाइयों का भी ट्रेंड बदला है। इसमें स्वाद के साथ सेहत का मेल भी कर दिया गया है, ताकि मिठाई सेहत के लिए फायदेमंद हो।
अब पारंपरिक मिठाइयों में औषधीय गुणों वाली खाद्य सामग्री मिलाकर इनकी गुणवत्ता पहले की तुलना में अधिक बढ़ाई जा रही है। मिठाइयों में किवी ड्राई फ्रूट लड्डू, खजूर बर्फी, मा दाल पिन्नी, पंजीरी लड्डू, अंजीर ड्राई फ्रूट लड्डू, खजूर मेवा लड्डू, अंजीर मेवा लड्डू, काजू ड्राईफ्रूट कटोरी, काजू कलश जैसी प्रमुख हैं। इनकी खासियत है कि इन मिठाइयों को कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए इन मिठाइयों में ड्राई फ्रूट की मात्रा पहले से अधिक कर दी गई है, ताकि ये जल्दी खराब न हों और स्वादिष्ट के साथ पौष्टिक भी बनी रहें। यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए फायदेमंद हैं। कुछ खास मिठाइयां रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाती हैं।
ड्राईफ्रूट और नट्स वाली मिठाइयों की बढ़ रही है मांग
कोरोनाकाल में वैसे तो हर तरह की मिठाइयों की बिक्री हो रही है, लेकिन स्वाद के साथ सेहत के मेल वाली मिठाइयों की मांग काफी ज्यादा बढ़ गई है। लोग इनमें शुगर फ्री की भी मांग कर रहे हैं। ऐसे में दोनों तरह की मिठाइयां बन रही हैं। कोविड-19 के दौर में ड्राई फ्रूट्स और नट्स को लोगों ने इम्युनिटी बूस्टर के तौर पर लिया है। लिहाजा इसकी मांग में काफी इजाफा हुआ है और ड्राई फ्रूट से बनी मिठाइयां लोग खाना पसंद कर रहे हैं। किवी ड्राई फ्रूट लड्डू, खजूर बर्फी, मा दाल पिन्नी, पंजीरी लड्डू जैसी मिठाइयां सेहत के साथ स्वाद भी दे रही हैं।
-हिमांशु राज पुरोहित, स्वीट शॉप ऑनर
देसी घी से बनी पारंपरिक मिठाइयां खाइए
अगर मिठाइयां सही मात्रा, शुद्ध चीजों और देसी घी से बनी हो तो सेहतमंद हो सकती हैं। वहीं, मिठाइयों में मिलावट सेहत को बिगाड़ भी सकती है। इसके साथ ही पूरी तरह से हाईजीनिक होनी चाहिए। मिठाई किसी भी तरह की हो बहुत ज्यादा मात्रा में सेवन नहीं करना चाहिए। देसी घी से बनी पारंपरिक मिठाइयां खा सकते हैं। अगर आप स्वाद के साथ सेहत भी बरकरार रखना चाहते हैं तो ड्राई फ्रूट लड्डू खाएं। ये स्वादिष्ट होने के साथ बहुत ज्यादा एनर्जी भी देते हैं। -रिशी जग्गी, डाइटीशियन
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eql9PX
via
No comments: