मरवाहा के घर, रमाडा होटल कपूरथला से 37.5 लाख फ्रीज, दो ट्रांसपोर्टर, एक बॉक्स फैक्ट्री भी जांच के घेरे में
नकोदर की आईजेएम सिगरेट कंपनी यानी मरवाहा ग्रुप के कारोबार पर दो दिन से जारी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के इनवेस्टीगेशन विंग की रेड के मामले में रविवार को भी पूछताछ जारी रहने की संभावना है। इनकम टैक्स टीमों ने कुल 35 जगह पर जांच शुरू की थी, इनमें से अभी 14 जगह पर इनवेस्टीगेशन जारी है। शनिवार देर रात जालंधर के समांतर कपूरथला में अवतार फर्निशिंग शाॅप, रमाडा होटल, सैफरन काॅलोनी में चल रही जांच में होटल में मिले 22 लाख रुपए फ्रीज कर दिए गए हैं।
जबकि फर्निशिंग शाॅप के स्टोर में करीब 67 लाख वेल्यू के सामान का स्टाॅक रजिस्टरों में मिसमैच पाया गया। दूसरी तरफ जालंधर में मरवाहा ग्रुप के नकोदर स्थित घर से 15.50 लाख कैश मिला। कपूरथला और जालंधर से मिले कुल 37.50 लाख फ्रीज किए गए हैं। बैंक खातों से जुड़े 4 लाॅकरों की जानकारी मिली। कंपनी का माल ढोने वाले दो ट्रांसपोर्टरों व बाॅक्स निर्माता को जांच में शामिल किया है। इनवेस्टीगेशन विंग के जालंधर जोन के इंचार्ज दिग्विजय सिंह ने 14 जगहों पर जारी जांच की पुष्टि की है।
ट्रांसपोर्टरों से हर फेरी का लिया जाएगा डेटा
दो ट्रांसपोर्टरों को जांच में इसलिए शामिल किया गया है क्योंकि वह सिगरेट कंपनी का तैयार माल व तंबाकू आदि कई साल से ढो रहे हैं। अब उनकी फेरियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। उनसे फेरी का जो डेटा मिलेगा, इससे ये इस्टेबलिश होगा कि सिगरेट का कितना स्टाक रोजाना बेचा जा रहा था।
दो आर्किटेक्ट पूछताछ के बाद छोड़े; माॅडल टाउन स्थित घर, कर्मचारियों के घर में जांच का काम पूरा
तीसरे दिन मरवाहा ग्रुप की जांच के दौरान इनकम टैक्स टीमों को ट्रांसपोर्टरों की बिल्टियां और सिगरेट की पैकिंग के डिब्बे बनाने वाली कंपनी का रिकाॅर्ड मिला था। जो कारोबार कागजों में मरवाहा ग्रुप दिखाकर इनकम टैक्स दे रहा है, उसे क्रॉस चेक करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर में दो ट्रांसपोर्टरों व बॉक्स बनाने वाली फैक्ट्री में रेड की गई। दोनों का रिकाॅर्ड देर रात तक खंगाला जा रहा था। अब तीन जगहों से कच्चे और पक्के खातों से जो लेनदेन की जानकारी मिलेगी, वह मरवाहा ग्रुप के कारोबार की जानकारी को पुख्ता बनाने में काम आएगी। उधर, लुधियाना में जिन
दो आर्किटेक्टों से पूछताछ की जा रही थी, उन्हें फारिग कर दिया गया है। जबकि जालंधर के माॅडल टाउन में घर, मैनब्रो, कर्मचारियों के घर आदी में जांच का काम पूरा हो गया। अब 14 जगह जांच चल रही है, जिसमें सिगरेट, आॅटोमोबाइल और प्राॅपर्टी बिजनेसेज की जांच हो रही है। जो कैश मिला है, वह प्रमुख कारोबारियों के प्रतिष्ठानों
पर आमतौर पर मिल ही जाता है, इसे उनकी कुल एसेट में शामिल माना जाएगा और जो टैक्स इवेजन का नोटिस भेजेंगे, उसमें हिसाब मांगा जाएगा।
ग्रुप के साथ बिजनेस करने वाले लोग डरे, दिल्ली में भी रेड की अफवाह
इनकम टैक्स टीमें आज ट्रांसपोर्ट नगर और हाइवे पर फैक्ट्री पहुंची तो इसके बाद मरवाहा ग्रुप और सैफरन माल के मालिकानों के साथ कारोबार करने वाले डर गए हैं। सिगरेट व रियल इस्टेट में जिन्होंने विभिन्न साजो-सामान सप्लाई किए हैं, उनके लोग सहमे हुए हैं। ये अफवाह रही कि रेड की कड़ी में दिल्ली में भी कछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जबकि इसकी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
अब जॉइंट टीमों की इंस्पेक्शन संभव
बड़ी रेड के मामले में केंद्र सरकार ने जाॅइंट इंस्पेक्शन का प्रावधान भी कर रखा है यानी इनकम टैक्स के साथ जीएसटी, इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट भी डेटा प्राप्त करके अपनी जांच कर सकते हैं। तीन दिन से जारी रेड के मामले में अब इनके पास भी डेटा शिफ्ट होने के आसार हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34M5ffn
via
No comments: